Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पश्चिम चम्पारण जिले के वाल्मीकिनगर में विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. साथ ही कई विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने वाल्मीकिनगर के दोन नहर शाखा सेवा पथ के पुनर्स्थापन कार्य का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दोन नहर शाखा सेवा पथ के पुनर्स्थापन का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो गया है. नहर के तटबंध पर बने सड़क का पक्कीकरण कराया गया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि इसे जल्द पूर्ण करें. सिंचाई हेतु यह नहर काफी उपयोगी है. इस नहर से बड़ी संख्या में किसानों को लाभ होगा. सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है.

मुख्यमंत्री ने गंडक बांध जलाशय के सामने लव-कुश ईको टुरिज्म पार्क के निर्माण कार्य का जायजा लिया और वहां उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. साइट प्लान के माध्यम से अधिकारियों ने लव-कुश ईको टुरिज्म पार्क में निर्माण कराये जा रहे विभिन्न भागों के संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अतिथि भवन तथा वाल्मीकिनगर ईको पार्क का भी भ्रमण किया. मुख्यमंत्री ने गंडक बराज पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया.

मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि सभागार परिसर से ‘ईको पर्यटन केन्द्र-वाल्मीकिनगर, प्रमण्डल-2, वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य का शिलान्यास किया. साथ ही मुख्यमंत्री ने गिद्ध संरक्षण केन्द्र, गोनौली एवं चिउटाहां का उद्घाटन किया.

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे यहां आने वाले पर्यटकों को जंगल भ्रमण में काफी सुविधा होगी. वाल्मीकिनगर को ईको पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये सरकार द्वारा कई विकासात्मक कार्य कराये गये हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed