Ranchi: रांची रेल मंडल में मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ बेहद सतर्क है. रविवार को झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस मुरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 पर अपराह्न 16:14 बजे पहुंची और 16:19 बजे प्रस्थान की. इस दौरान एक यात्री अपने छोटे बच्चे के साथ चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था. प्लेटफार्म पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार ने इस खतरनाक स्थिति को समय रहते देख लिया और अद्भुत सतर्कता का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई की.
उन्होंने साहस और तत्परता से हस्तक्षेप करते हुए न केवल यात्री को बल्कि उसके बच्चे को भी गिरने या चोट लगने से बचा लिया. घटना के तुरंत बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोका गया और यात्री को बच्चे सहित सुरक्षित रूप से ट्रेन में चढ़ने में सहायता की गई.
यात्री ने आरपीएफ मुरी पोस्ट विशेषकर एएसआई संतोष कुमार के इस समय पर किए गए साहसिक व मानवीय कार्य के लिए हार्दिक आभार प्रकट किया. हालांकि समयाभाव के कारण यात्री का नाम व पता की जानकारी नही मिल सकी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed