Patna: कटिहार के न्यू मार्केट स्थित ज्वेलरी दुकान से 26.90 लाख के गहने की चोरी मामले प्रतिनियुक्त दो पुलिस पदाधिकारियों को एसपी ने निलंबित कर दिया है. मामले की जानकारी देते हुए कटिहार एसपी ने बताया कि चोरी की घटना के बाद मामले का जांच कराया तो पता चला कि टाउन थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट में एक बीट निर्धारित था. जहाँ दो पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. जाँच के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि दोनों पुलिस पदाधिकारी अपने निर्धारित बीट पर अनुपस्थित थे. इसके अतिरिक्त उनके द्वारा न तो थानाध्यक्ष को एवं न ही किसी वरीय पदाधिकारी को अपनी अनुपस्थिति की कोई सूचना दी गई थी. उनकी लापरवाही के कारण ही उक्त घटना घटित हुई. उक्त कर्तव्यहीनता के गंभीर दृष्टिगत दोनों पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है. तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जा रही है.
जानकारी के अनुसार 21 जनवरी को शिवम कुमार वर्मा ने टाउन थाना में एक लिखित आवेदन दिया. आवेदन में उन्होंने बताया कि 21 जनवरी को लगभग रात्रि 2 बजे अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान के पाँच ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी की इस घटना में लगभग 8 किलोग्राम चाँदी के जेवरात, 16 ग्राम सोने के जेवरात तथा 3.700 ग्राम शुद्ध सोना कुल अनुमानित मूल्य लगभग 26,90,000 रुपये की संपत्ति की चोरी हुई है. आवेदन के आधार पर टाउन थाना (कांड संख्या-95/26) में मामला दर्ज किया गया है. वही मामले के उद्भेदन के लिए कटिहार-01 एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. गठित टीम सीसीटीवी फुटेज एवं वैज्ञानिक अनुसंधान कर अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
