Ranchi: महिला का ज्वेलरी-नगदी ठगी करने वाले अपराधी समेत दो आरोपी को बोकारो के सेक्टर-4 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी बैंक मैनेजर, एयरफोर्स पदाधिकारी बनकर महिलाओं को प्यार के झांसे में लेता था. गिरफ्तार अपराधी में संकल्प कुमार उर्फ गोलु और सुर्यकांत सोनी का नाम शामिल है. दोनो आरोपी बिहार के पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी के निशानदेही पर 1,75,000 रुपया नगद, 22.72 ग्राम सोना औऱ 3 मोबाईल फोन पुलिस ने बरामद किया है.
रविवार को मामले की जानकारी देते हुए बोकारो एसपी ने बताया कि 12 दिसंबर को कतरास मेन रोड निवासी अंजली सिन्हा का जेवर एवं 30,000 रुपया संकल्प कुमार द्वारा छलपूर्वक आदित्या होटल के सामने से लेकर भाग जाने के आरोप में सेक्टर-4 थाना (कांड सं0-124/25) में मामला दर्ज किया गया था. मामले के उद्भेदन के लिए सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल तकनीकी शाखा बोकारो एवं तकनीकि शाखा पटना के सहयोग से आरोपी को चिन्हित करते हुए संकल्प कुमार उर्फ गोलु को पकड़ा गया. आरोपी के निशानदेही पर मोसीमपुर स्थित शशि ज्वेलर्स गला सोना बरामद करते हुए ज्वेलर्स के मालिक सुर्यकांत सोनी को गिरफ्तार किया गया. संकल्प कुमार बैंक मैनेजर, एयर फोर्स पदाधिकारी, सचिवालय का कर्मी बन कर भोली भाली महिलाओं को अपने प्यार के झांसे में लेकर वारदात को अंजाम देता था. संकल्प कुमार उर्फ गोलु का अपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी के विरुद्ध फतुहा थाना में दो मामला पूर्व से दर्ज है.
