Patna: औरंगाबाद में एनएच पर ट्रॉमा सेन्टर का निर्माण किया जायेगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के क्रम में यह घोषणा की है. जिले से NH-19, NH-139 गुजरता है. साथ ही, कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेस-वे भी निर्माणाधीन है. यहाँ प्रतिदिन 25 से 30 सड़क दुर्घटनाएँ होती हैं. किन्तु गया से कैमूर बीच एक भी ट्रॉमा सेन्टर अवस्थित नहीं है. ट्रॉमा सेन्टर के निर्माण से सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को ससमय ईलाज की सुविधा मिल पायेगी. इसके अलावे देव नगर पंचायत में रिंग रोड का निर्माण किया जायेगा. इसके निर्माण से देव नगर पंचायत में अवस्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर तक श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा साथ ही इस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पर्यटकीय क्षेत्र का भी विकास होगा. बिशुनपुर कैनाल का निर्माण किया जायेगा. इससे लगभग 15 गांवों की 2500 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिल पायेगी. औरंगाबाद शहर में अदरी नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट का कार्य किया जायेगा. शहर के बीच से गुजरने वाली इस नदी के एक तरफ सड़क निर्माण कार्य तथा दूसरी तरफ पार्क विकसित कराये जाने से यह पथ शहर के लिए बाईपास का कार्य करेगा तथा पार्क विकसित होने से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. मदनपुर प्रखंड के चाँद बिगहा ग्राम में केशहर नदी पर चेक डैम का निर्माण किया जायेगा. नगर पंचायत, देव में अवस्थित सूर्य मंदिर के समीप सूर्य कुण्ड एवं रूद्र कुण्ड परिसर से एसएच-101 तक ग्रीनफील्ड सम्पर्क पथ का निर्माण किया जायेगा. मदनपुर, औरंगाबाद, नवीनगर, हसपुरा, गोह, ओबरा एवं दाउदनगर प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा. जिले में स्पोर्टस कॉम्पलेक्स एवं स्टेडियम का निर्माण कराया जायेगा.
रफीगंज के लिए बाइपास का निर्माण कराया जायेगा. जम्होर पंचायत यदि नगर पंचायत बनने की शर्तों को पूरा करती है तो उसे नगर पंचायत बनाने की कार्रवाई प्रारंभ की जायेगी. औरंगाबाद में यदि केन्द्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव आता है तो इसके लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध करायी जायेगी. जिले में नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बनाया जायेगा. इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के लिए एक टीम भेजा जाएगा.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को प्रगति यात्रा के क्रम मे औरंगाबाद जिले में 554 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 195 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इनमें 127.43 करोड़ रुपये की लागत से 79 योजनाओं का उद्घाटन एवं 428.76 करोड़ रुपये की लागत से 116 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. देव प्रखंड के बेढनी पंचायत में पंचायत सरकार भवन के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्धघाटन किया. मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सूर्य मंदिर, देव में पूजा अर्चना कर राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की. सिंचाई कॉलोनी देव में प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण एवं मेडिकल कॉलेज औरंगाबाद के लिए चिहिन्त भूमि का स्थल निरीक्षण किया. सदर अस्पताल परिसर में नवनिर्मित मॉडल अस्पताल भवन का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया. इसके पश्चात् डॉ० ए पी जे अब्दुल कलाम पार्क में अदरी नदी पर प्रस्तावित रिवर फ्रंट निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री ने स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये.
