Ranchi: पलामू के मगरदाहा घाटी में ब्राउन सुगर खरीदकर लौट रहे गुमला के आरोपी समेत तीन तस्कर को चैनपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गढ़देवी मंदिर के पास रहने वाले मनीष कुमार, पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दत्तानगर के रहने वाले मो तुफान राईन और गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के बनिया टोली निवासी चिराग कुमार सिंह का नाम शामिल है. पुलिस मौके पर से 710.56 ग्राम ब्राउन सुगर, 8,89,000 रूपया नगद, आर्टिंगा कार (JH-03AR-9151), मोबाइल, सोना-चांदी का चैन, ब्रासलेट, अंगुठी जप्त किया है. पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति सफेद रंग के आर्टिगा कार से ब्राउन सुगर की खरीद बिक्री कर गढ़वा रोड से डालटनगंज की ओर आ रहे हैं. सूचना पर मगरदाहा घाटी में वाहन चेकिंग किया जाने लगा. चेकिंग के क्रम में गढ़वा की ओर से आ रही आर्टिगा कार को रोका गया. वाहन के रुकते ही कार सवार तीनो आरोपी गेट खोलकर भागने ही वाले थे कि तीनों को पकड़ लिया गया. चैनपुर सीओ के समक्ष एनडीपीएस के अधिनियमों का पालन करते हुए तीनों आरोपी एवं कार की तलाशी ली गयी. तलाशी के क्रम में कार के डैशबोर्ड से 300 ग्राम ब्राउन सुगर, मनीष कुमार के पास से नगद 8,89,000 रूपया, चिराग कुमार सिंह के बैग से 410.56 ग्राम ब्राउन सुगर तथा अन्य समानों की बरामदगी की गयी. बरामद ब्राउन सुगर एवं पैसों के संबंध में पूछताछ करने पर कार मालिक मनीष कुमार एवं ड्राईवर मो तुफान ने बताया कि वे सभी ब्राउन सुगर खरीद बिक्री करने का काम करते हैं. चिराग कुमार सिंह ब्राउन सुगर खरीदने आया था. गढ़वा रोड में डील होने के बाद चिराग कुमार द्वारा 410.56 ग्राम ब्राउन सुगर के बदले मनीष कुमार को नगद 8,89,000 रूपया दिया गया. जिसके बाद वे दोनों चिराग कुमार को कोयल पुल के पास छोड़ने के लिए आ रहे थे. इस संदर्भ में चैनपुर थाना (कांड सं0-43/2025) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी के छः नामजद वके विरूद्ध प्राथमकी दर्ज की गई है. घटना में संलिप्त अन्य आरोपी के विरूद्ध अनुसंधान एवं छापामारी जारी है.
