Patna: शराब कारोबारियों से सांठ-गांठ एवं अवैध वसूली के आरोप में दो पुलिस पदाधिकारी समेत तीन आरोपी को सारण के मुफस्सिल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में मढ़ौरा थाना क्षेत्र के जमानपुर निवासी अपराधी वाल्मीकि कुमार सिंह, प्र०पु०अ०नि० चंद्रभान कुमार एवं प्र०पु०अ०नि० दीपक कुमार ओझा का नाम शामिल है. वही गिरफ्तार अपराधी के पास से 1 पिस्टल, 3 मैग्जीन, 1 गोली, 1 चाकू, 9 लीटर देशी शराब और स्कॉर्पियो पुलिस ने बरामद किया है.
मामले की जानकारी देते हुए सारण एसएसपी ने मंगलवार को बताया कि बीते सोमवार को एक स्कॉर्पियो गाड़ी में जप्त शराब को छोड़ने के लिए सौदेबाजी तथा एक पुलिस कर्मी को बंधक बनाए जाने की सूचना मुफस्सिल थानाध्यक्ष को मिली. सूचना पर कार्रवाई करते हुए एएसपी सदर के नेतृत्व में सत्यापन के बाद प्र०पु०अ०नि० चंद्रभान कुमार को मढ़ौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलुआ से छापामारी कर सकुशल बरामद किया गया. वही एक अपराधी बाल्मीकि सिंह को गिरफ्तार किया गया. जिसके पास से एक पिस्टल, तीन मैगजीन तथा एक गोली समेत अन्य समान बरामद किया गया. मामले का विशेष जांच में यह बात सामने आई कि प्र०पु०अ०नि० चंद्रभान कुमार एवं प्र०पु०अ०नि० दीपक कुमार ओझा ने स्कॉर्पियो में जप्त शराब छोड़ने के लिए भयादोहन कर अवैध वसुली की जा रही थी. एएसपी सदर के जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की गई है. तत्काल दोनों पुलिस पदाधिकारियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. वहीं शराब कारोबारी बाल्मीकि सिंह के दो अन्य सहयोगियों की पहचान कर ली गयी है.
