Patna: लड़कियों के फोटो दिखा पैसे लेकर शादी तय करवाने और खरीदारी करवाकर शादी के समय सामान लेकर फरार होने वाले दम्पत्ति समेत तीन को बक्सर के टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में ईटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलहर निवासी गुड़िया मिश्रा उर्फ संगीता देवी, पति प्रमोद दूबे और धनसोई थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी पार्वती कुमारी उर्फ प्रिया पाण्डेय उर्फ खुशबु का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर अलग-अलग व्यक्तियों के 21 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड, 4 स्मार्टफोन, 4 साड़ी और 1,42,000 रुपये नगद पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार टाउन थानाध्यक्ष को राजस्थान के ब्यावर जिले के संकेत नगर थाना क्षेत्र के मालीपुरा निवासी ने लिखित आवेदन दिया. जिसमे बताया गया कि गुड़िया मिश्रा पति प्रमोद दूबे शादी करवाने का झाँसा देकर 2 लाख रूपये की ठगी की है. प्राप्त आवेदन के आधार पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम मानवीय आसूचना संकलन एवं वैज्ञानिक तकनीकों का प्रयोग कर छापेमारी में 3 एओपी को गिरफ्तार किया. ठगी किये गये रूपये एवं अन्य सामान बरामद किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि हमलोग बाहरी व्यक्तियों को कई लड़कियों के फोटाग्राफ शादी के नाम पर दिखाकर पैसे लेकर शादी तय करवाते हैं. एवं शादी संबंधी सामान की खरीदारी करवाकर शादी के समय सारे सामान लेकर भाग जाते है.
