Patna: गोपालगंज जिले में स्थित सासामुसा चीनी मिल को पुनः चालू कराने को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय बैठक हुई. जिसमें इन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने मिल से जुड़े प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय मुद्दों की समीक्षा कर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया. ताकि मिल को पुनः परिचालित किया जा सके.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में निरानी सुगर्स लिमिटेड, कर्नाटक के प्रबंध निदेशक विशाल निरानी ने सासामुसा मिल के पुनरुद्धार के प्रति अपनी अभिरुचि जताई है. मुख्य सचिव के समक्ष गन्ना उद्योग विभाग और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने सासामुसा चीनी मिल के पुनरारंभ की अब तक की प्रगति का ब्यौरा दिया. इस पर मुख्य सचिव ने दोनों विभागों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय और पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों को समयसीमा के भीतर दूर करें.
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि सासामुसा चीनी मिल के पुनरुद्धार से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य के ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. इस बैठक में गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार, ऊर्जा एवं उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा ईखायुक्त अनिल कुमार झा उपस्थित रहे.
