Ranchi: बोकारो में आईजी सुनील भाष्कर ने होली के मद्देनजर डीआईजी और सभी जिलों के एसपी की बैठक ली. उन्होंने पुलिस व्यवस्था और बंदोबस्त की समीक्षा करते हुए उपद्रव मचाने वाले बदमाशों की धरपकड़ करने के निर्देश दिए. होली पर्व शांति पूर्ण तरीके से मनाने के लिए बोकारो जोन के आईजी ने डीआईजी एवं एसपी के साथ 2-3 मार्च को होलिका दहन एवं 4 मार्च को होली त्योहार के दौरान सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा किया. उन्होने सभी संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान की प्रतिनियुक्ति सभी सुरक्षा उपकरणों के साथ करने को कहा है. संवदेनशील, भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर प्रतिनियुक्त किये जाने वाले क्यूआरटी बल के पदाधिकारी के पास एक-दूसरे से समन्वय स्थापित करने के लिए वितंतु सेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा है. प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को उनके कर्तव्य के संदर्भ में ब्रीफ करने का निर्देश दिया गया है. उन्होने कहा है कि विशेष रूप से ब्रीफ करने की आवश्यकता है कि कोई भी कर्मी आमजनों से किसी बात को लेकर ना उलझें तथा उनसे शालीनतापूर्वक व्यवहार करें. पूर्व में घटित छोटी-छोटी घटनाओं को भी संज्ञान में रखकर विशेष सतर्क रहने को कहा है. वर्तमान में जिले में आमजनों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है कि ताकि होली पर्व के दौरान किसी समस्या के कारण विधि-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न ना हो. भीड़-भाड़ वाले स्थलों की निगरानी सीसीटीभी एवं ड्रोन कैमरा के माध्यम से करने को कहा है. उन्होने कहा वैसे क्षेत्र जहाँ विभिन्न समुदाय के लोग रहते है, उन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखना सुनिश्चित करेंगे. पूर्व के घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के विरूद्ध धारा-126 बी0एन0एस0एस0 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउण्ड-डाउन की कार्रवाई करने को कहा है. साथ ही उन पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा है. होली पर्व के दौरान बजने वाले गानों की लिस्टिंग के साथ सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक अनिवार्य रूप से करने को कहा है. प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करना को कहा है. पेट्रोलिंग पार्टी के माध्यम से आज संध्या से ही सघन गश्ती करायें तथा गश्ती के दौरान वाहन चेकिंग करते हुए उसकी प्रविष्टी रक्षक एप्प में करने का निर्देश दिया है. इस पर विशेष ध्यान दिया जाये कि गश्ती के दौरान अनावश्यक रूप से बच्चे, महिलाएँ एवं वृद्ध व्यक्तियों का परेशान ना किया जाए. शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर निरोधात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करने को कहा है. तकनीकी शाखा एवं सोशल मीडिया सेल को सजग करते हुए विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष निगरानी रखना का निर्देश दिया गया है.
