Ranchi: विभिन्न देशों के बीच में रहे युद्ध के चलते विधि-व्यवस्था की समस्या को देखते हुए विशेष निगरानी का निर्देश झारखंड पुलिस मुख्यालय ने दिया. इस बाबत डीजीपी ने सभी जिलों के एसएसपी, एसपी (रेल सहित) को डीजीपी के आदेश पर आईजी अभियान ने निर्देश दिया है. जिलों में भेजे गए पत्र के अनुसार विगत कुछ दिनों से विभिन्न देशों के बीच युद्ध हो रहे हैं जिसके कारण लोगों में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस को लेकर भय का माहौल उत्पन्न होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है. साथ ही विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की संभावना है. पेट्रोल डीजल एवं एलपीजी गैस की अनावश्यक जमाखोरी व कालाबाजारी पर आवश्यक निगरानी एवं गलत कार्य कर रहे लोगों पर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है. रिटेलर, डिस्टीब्यूटर एवं वैध भण्डार की सूरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है. पेट्रोलियम पदार्थ के परिवहन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है. भ्रामक समाचार फैलाने वालों पर सतत् निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कारवाई करने को कहा गया है. खुदरा विक्रेता गोदाम पर सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय साथ ही मॉनिटरिंग किया जा सके. विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यकता अनुसार बीएनएसएस की धारा 163 के तहत् कार्रवाई करने को कहा गया है. विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर प्रतिदिन थाना स्तर से डीजी कंट्रोल को सूचित करने को कहा गया है. जिला स्तर पर उपायुक्त एवं अन्य सम्बंधित पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया गया है. सोशल मिडिया पर विशेष निगरानी रखने और फेक न्यूज चलाने वाले पर तत्काल करवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. जिला स्तर पर प्रिंट और इलेक्ट्रोनिक मीडिया कर्मी से सम्पर्क स्थापित कर फेक न्यूज के प्रकाशन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है. कड़ी निगरानी रखते हुए सभी आवश्यक, सुरक्षात्मक एवं विधि-सम्मत् कार्रवाई करने का निर्देश जिलों को दिया गया है.
