Patna: विधानसभा चुनाव को लेकर सारण एसएसपी ने विभिन्न चेक पोस्ट एवं एसएसटी प्वाइंट का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया चेक पोस्ट, गौरा क्षेत्र के मझौलिया चेक पोस्ट, खैरा क्षेत्र के कृष्णा चौक एसएसटी प्वाइंट तथा इसुआपुर क्षेत्र के पिपरहिया एसएसटी प्वाइंट का भ्रमण किया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों को सघन चेकिंग, सतर्कता तथा निष्पक्ष आचरण बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान कार्य में शिथिलता एवं लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने मेथवलिया चौक चेक पोस्ट पर तैनात एएसआई यदुनंदन कुमार सिंह एवं कृष्णा चौक एसएसटी पर तैनात एएसआई अरुण कुमार सिंह के वेतन पर रोक लगा दिया. साथ ही लापरवाही के विरूद्ध स्पष्टीकरण की मांग की गई है. तैनात सीआईएसएफ जवानों को लापरवाही बरतने को लेकर कड़ी चेतावनी दी गयी. बेहतर कार्य करने वाले पिपरहिया एसएसटी पर तैनात प्रशिक्षु एसआई सुधांशु कुमार को 1000 रू की नगद राशि से पुरस्कृत किया गया. रात्रि गस्ती चेकिंग में सड़क पर पुलिस बल की अनुपस्थिति के कारण इसुआपुर एवं नगरा थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण की मांग की गयी है.
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन के इस महत्वपूर्ण समय में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सारण पुलिस आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सभी अधिकारी एवं कर्मी सजगता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
