Saharsa: सहरसा के दह में आयोजित कार्यक्रम में डांसर को रुपये देने वाले पुलिस पदाधिकारी को एसपी ने सस्पेंड कर दिया है. आरोपी एएसआई मुकेश कुमार कनरिया थाना में पदस्थापित है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जनवरी को व्हाट्सएप पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सरस्वती पूजा 2026 के अवसर पर कनरिया थाना क्षेत्र के ग्राम-दह में बीते सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक डॉसर को कनरिया थाना में पदस्थापित एएसआई मुकेश कुमार द्वारा रुपये देते हुए देखा गया. मामले की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि चौकीदार अनिल पासवान के महाल क्षेत्र में उक्त कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसकी सूचना संबंधित थानाध्यक्ष को दी जानी चाहिए थी, किंतु उन्होंने यह सूचना नहीं दिया. जांच रिपोर्ट के आधार पर कनरिया थाना में पदस्थापित एएसआई मुकेश कुमार को मनमानी, अनुशासनहीनता एवं अनुचित आचरण के आरोप में तथा चौकीदार अनिल पासवान को कर्तव्य में घोर लापरवाही के आरोप में सस्पेंड किया गया है. निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है.
