Ranchi: हजारीबाग के बभनी में 80 लाख की डकैती की घटना का पुलिस उद्भेदन करते हुए हत्यारी जंगल से 9 अपराधी हथियार, ज्वेलरी समेत अन्य समान के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी चोरी, लूट, हत्या, ड्रग्स तस्करी एवं आर्म्स एक्ट जैसे गम्भीर मामलों में संलिप्तता रही है. आरोपी में शामिल कई अपराधियों पर हजारीबाग, चतरा, राँची, गुमला एवं बिहार के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार अपराधियों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभनवे निवासी रणवीर कुमार सिंह उर्फ छोटू उर्फ जोकर, विपुल कुमार सिंह उर्फ सुशील कुमार, कटकमसांडी थाना क्षेत्र के नावाखाप निवासी राजेश कुमार यादव, दिनेश कुमार यादव उर्फ सन्नी, बारीगोला निवासी सुरेन्द्र उराँव, रामनगर निवासी सन्नी कुमार गुप्ता, राहुल कुमार यादव, रांची जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया नीचे रहने वाला विपिन कुमार सिंह और धुर्वा थाना क्षेत्र के रवि राय का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 2 बाईक ( JH02AY6087 एवं JH02BL4490), मेड इन जापान लिखा 1 देशी पिस्टल, 7.65 एमएम का 2 गोली, 1100 ग्राम सोने के 131 आभूषण, 25 चाँदी के सिक्के और 6 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है,
गुरुवार को घटना की जानकारी देते हुए हजारीबाग एसपी ने बताया कि 13 सितंबर को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभनी निवासी सुमन कुमार मल्लिक के घर पर रात को करीब आठ की संख्या में अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था., जिसमें लगभग 80 लाख रुपये मूल्य के गहने लूटे गए. इस संबंध में मुफस्सिल थाना (कांड संख्या-155/25) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन कर विशेष अभियान चलाया गया. लगातार छापामारी, आसूचना संकलन एवं तकनीकी शाखा के सहयोग से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर बीते रात करीब 2 बजे हत्यारी जंगल में कार्रवाई कर मुख्य आरोपी रणवीर कुमार सिंह उर्फ छोटू उर्फ जोकर सहित 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. उनकी निशानदेही पर डकैती में लूटे गए 131 सोने के आभूषण 25 चाँदी के सिक्के, 2 बाईक, 1 देशी पिस्टल समेत अन्य समान बरामद किया गया.
