Ranchi: महाशिव रात्रि पर्व को लेकर बोकारो जोन के आईजी सुनील भास्कर सभी डीआईजी एवं एसपी के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए की गयी तैयारियों की समीक्षा किया. वीडियो काफ्रेंसिग के माध्यम से डीआईजी और एसपी जुड़े थे. इस दौरान अपने-अपने जिला के विभिन्न थाना क्षेत्र में अवस्थित शिव मंदिर एवं विभिन्न प्रकार के धार्मिक स्थलों के साथ-साथ संवेदनशील, अतिसंवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं बलों को सुरक्षा उपकरणों के साथ प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया है. चिन्हित स्थलों पर क्यूआरटी बलों की प्रतिनियुक्ति सभी दंगारोधी उपकरणों के साथ करने को कहा गया है. पूर्व में घटित घटनाओं पर विशेष निगरानी रखेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि इसकी पुनरावृति न हो. वैसे क्षेत्र जहाँ विभिन्न समुदाय के लोग रहते है, उन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखना सुनिश्चित करेंगे. पूर्व के साम्प्रदायिक घटनाओं में सम्मिलत व्यक्यिों के विरूद्ध धारा-126 बी0एन0एस0एस0 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउण्ड-डाउन की कार्रवाई करने के साथ विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.
पेट्रोलिंग पार्टी के माध्यम से आज संध्या से ही सघन गश्ती कराने तथा गश्ती के दौरान एन्टी क्राईम चेकिंग करते हुए उसकी प्रविष्टी रक्षक एप्प में करने के लिए निर्देशित करने को कहा गया है. गश्ती के दौरान अनावश्यक रूप से बच्चे, महिलाएँ एवं वृद्ध व्यक्तियों को परेशान ना किया जाए इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है. शिव बारात निकलने वाले मार्ग का भौतिक सत्यापन कराकर मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को चिन्हित कर वहाँ प्रर्याप्त मात्रा में बलों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है. सभी थानों में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ शांति समिति की बैठक अनिवार्य रूप से कर लेंगे. सभी संवेदनशील, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कराकर ड्रोन कैमरा, वीडियो कैमरा के माध्यम से वीडियोग्राफी कराते हुए संबंधित वीडियो क्लिप सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कराने का निर्देश दिया गया है. तकनीकी शाखा एवं सोशल मीडिया सेल को सजग करते हुए विभिन्न प्रकार सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. जिला नियंत्रण कक्ष को सजग करते हुए किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर अविलम्ब वरीय पदाधिकारी, राज्य नियंत्रण कक्ष को अवगत कराने के लिए निर्देशित करने को कहा गया है. जिला नियंत्रण कक्ष के पास शिव बारात निकलने का स्थल, तिथि, समय एवं वर्तमान स्थिति (शिव बारात कहाँ तक पहुँचा) के संदर्भ में स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए.
