Ranchi: नगरपालिका चुनाव के मतगणना को लेकर बोकारो जोन के आईजी सुनील भास्कर सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ वीडियो काफ्रेंसिग के माध्यम से गुरुवार को होने वाले नगर पालिका चुनाव के मतगणना के दौरान जिला में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा किया. आईजी ने अपने-अपने जिला के मतगणना केन्द्र के पास एवं मतगणना केन्द्र तक पहुँचने वाले मार्गो में पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान की प्रतिनियुक्ति सभी सुरक्षा उपकरणों के साथ करने का निर्देश दिया. मतगणना केन्द्र के पास एवं संवेदनशील स्थलों पर क्यूआरटी की प्रतिनियुक्ति सभी दंगारोधी उपकरणों के साथ करने को कहा है. प्रतिनियुक्त किये जाने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं बलों को उनके कर्तव्य के संदर्भ में ब्रीफ करने को कहा गया है. साथ ही इस पर विशेष रूप से ब्रीफ करने की आवश्यकता है कि कोई भी कर्मी आमजनों से किसी बात को लेकर ना उलझें तथा उनसे शालीनतापूर्वक व्यवहार करें. सुरक्षा के दृष्टिकोण से मतगणना केन्द्र के आस-पास एवं विजय जुलूस मार्ग में इधर-उधर पड़े ईंट, पत्थर, टायर एवं अन्य संवेदनशील पदार्थ को अविलम्ब हटाने का निर्देश दिया गया है. उन्होने कहा मतगणना केन्द्र के अन्दर अधिकृत व्यक्ति के अलावे अनावश्यक रूप से कोई अन्य व्यक्ति प्रवेश ना करें इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है. साथ ही प्रवेश के पूर्व संबंधित व्यक्ति का HHMD & DFMD के माध्यम से फ्रिस्किंग करना सुनिश्चित करें। यह सुनिश्चित हो लें कि मतगणना केन्द्र के अन्दर कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार का संवेदनशील वस्तु लेकर प्रवेश ना करें. मतगणना केन्द्र की ओर जाने वाले मार्ग में ड्रॉप गेट, चिन्हित संवदेनशील, भीड़-भाड़ वाले स्थलों की निगरानी सीसीटीभी एवं ड्रोन कैमरा के माध्यम से करवाना सुनिश्चित करें. यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालन के लिए चिन्हित वैकल्पिक मार्ग के संदर्भ में सोशल मीडिया, समाचार पत्रों के माध्यम से प्रसारित करना सुनिश्चित करें ताकि आमजनों को अनावश्यक रूप से परेशानी का सामना ना करना पड़े. विजय जुलूस मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को चिन्हित करते हुए वहाँ पर्याप्त संख्या में बलों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया है. बिना अनुमण्डल पदाधिकारी के अनुमति के जुलूस ना निकले. साथ ही जुलूस में शामिल लोगों के पास किसी प्रकार का हरवे-हथियार ना हो. विजय जुलूस के दौरान बजने वाले गानों की लिस्टिंग कराकर आश्वस्त हो लें कि किसी भी प्रकार का भड़काऊ, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गानों का वादन ना हो. शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर निरोधात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे. तकनीकी शाखा एवं सोशल मीडिया सेल को सजग करते हुए विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर विशेष निगरानी रखना सुनिश्चित करें. जिला नियंत्रण कक्ष को सजग करते हुए किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर अविलम्ब वरीय पदाधिकारी, राज्य नियंत्रण कक्ष को अवगत कराने के लिए निर्देशित करें.
