Patna: बिहार सरकार का कृषि विभाग आपदा के समय किसानों के साथ मजबूती से खड़ा है. इसी कड़ी में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने रविवार को बिहार के विभिन्न जिलों में असमय आई आंधी और बारिश से फसलों को हुए नुकसान के आकलन के लिए विभाग के प्रधान सचिव, कृषि निदेशक और उद्यान निदेशक सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है. साथ ही उन्होंने कृषि विभाग की टीमों को सक्रिय कर किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है.
इस दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की सरकार आपदा की इस घड़ी में किसानों के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है. किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया गया है. साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है. आंधी और बारिश के कारण हुए फसल क्षति का आकलन प्रतिवेदन प्राप्त हो जाने के बाद कृषि विभाग वैकल्पिक फसलों के बीज से लेकर अन्य सभी विकल्पों पर विचार करेगा और किसानों को त्वरित सहायता उपलब्ध करेगा.
