Patna: मुजफ्फरपुर में छिपे यूपी के दो अपराधी को क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया है. पकड़े गए दोनो अपराधी मुंबई के ज्वेलर्स से 2.62 करोड लूट में शामिल था. गिरफ्तार अपराधी में यूपी के गोरखपुर जिले के गुलरिया थाना क्षेत्र के शिवपुर शिवानगंज के रहने वाले रामानंद यादव उर्फ आनंद यादव औऱ आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के खातीबपुर के रहने वाले रामजन्म गोंड का नाम शामिल है. आऱोपी के निशानदेही पर दो सेट सोने का हार, दो पीस चेन, चार पीस झुमका औऱ दो मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं करने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चली गई.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिहार एसटीएफ की विशेष टीम मुंबई क्राइम ब्रांच मुंबई टीम के साथ संयुक्त रूप से छापामारी कर दोनो आरोपी को गिरफ्तार किया गया. दोनो मुंबई के एनआरआई सागरी पुलिस थाना (काण्ड संख्या-469/25) में दर्ज मामले में फरार चल रहा था.
बता दे कि 22 दिसंबर को मुंबई के नेरुल नवी संगम गोल्ड ज्वेलर्स, सेक्टर-42 सी-वुड से क़रीब 2 करोड़ 62 लाख 26 हजार रुपये मूल्य के आभूषण का लूट किया गया था. जिसमें पकड़े गए दोनो अपराधी शामिल था. घटना को अंजाम देने के बाद आऱोपी भागकर मुजफ्फरपुर में छिपकर रह रहा था.
