Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प सभागार’ में अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 की विजेता भारतीय टीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार को गौरवान्वित करने वाले वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रूपये का चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुये कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 की भारत की जीत में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी महत्वूपर्ण भूमिका निभाई. वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बने हैं. मेरी शुभकामना है कि वैभव सूर्यवंशी भविष्य में भारतीय टीम के लिये नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप इसी तरह से अच्छा क्रिकेट खेलते रहिये और राज्य एवं देश का नाम रौशन करते रहिये. राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कराया जा रहा है. खिलाड़ियों को सरकार प्रोत्साहित करते हुये उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करा रही है. उन्होंने कहा कि आप आगे बढ़ते रहिये, सरकार आपको हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी. हम सब लोगों के लिए यह प्रसन्नता की बात है कि बिहार के बेटे ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर अंतर्राष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है. आप बिहार के बच्चों के लिए प्रेरणा हैं, हम आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं.
