Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में स्थित श्री जानकी जन्मभूमि मंदिर परिक्षेत्र के लिए स्वीकृत समग्र विकास योजना का स्थल भ्रमण कर जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने माँ सीता उर्विजा कुंड (माँ जानकी की प्रकाट्य स्थली) का भी मुआयना कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. जायजा के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा श्रद्धालुओं हेतु उपलब्ध करायी जानेवाली सुविधाओं, आगामी 8 अगस्त को होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के समग्र विकास की तर्ज पर पुनौरा धाम में स्थित श्री जानकी जन्मभूमि, पुनौरा धाम मंदिर परिक्षेत्र का समग्र विकास तथा निर्मित होने वाले भव्य मंदिर भवन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. माँ जानकी मंदिर भवन की पुरानी संरचना को ज्यों का त्यों रखा जायेगा.
अयोध्या के तर्ज पर पुनौरा धाम का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि माँ जानकी मंदिर परिसर में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं एवं नागरिक सुविधाओं का विकास ठीक ढंग से हो सके. इसका विशेष रूप से ख्याल रखें. उन्होंने कहा कि यहाँ राज्य सरकार द्वारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के समग्र विकास की तर्ज पर पुनौरा धाम में स्थित श्री जानकी जन्मभूमि, पुनौरा धाम मंदिर परिक्षेत्र का समग्र विकास किया जाएगा. इसके लिए हमलोगों ने मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी दे दी है. यहाँ भव्य मंदिर बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहाँ माँ जानकी की पूजा-अर्चना करने आएंगे. पर्यटकों के आगमन से रोजगार का भी सृजन होगा.
मुख्यमंत्री ने माँ जानकी मंदिर, पुनौरा धाम में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. मंदिर प्रबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री को पाग एवं चुनरी भेंटकर उनका स्वागत किया गया.
882 करोड़ की लागत से होगा विकसित
सीतामढ़ी जिला के ग्राम पुनौरा में माँ जानकी की जन्म स्थली पुनौरा धाम स्थित है. यहां प्रतिवर्ष काफी संख्या में श्रद्धालुगण धार्मिक अवसरों पर पूजा के लिए आते हैं. इसी वर्ष राज्य सरकार द्वारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के समग्र विकास की तर्ज पर पुनौरा धाम में स्थित श्री जानकी जन्मभूमि, पुनौरा धाम मंदिर परिक्षेत्र का समग्र विकास किए जाने का निर्णय लिया गया है. इस महत्वाकांक्षी योजना को मूर्तरूप प्रदान करने हेतु मंदिर परिक्षेत्र के आसपास 50 एकड़ भूमि का अर्जन किया जा रहा है. श्री जानकी जन्मभूमि, पुनौरा धाम मंदिर के सुचारू एवं प्रभावी संचालन तथा प्रबंधन के लिए बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में न्यास समिति का गठन भी किया गया है. अधिगृहित भूमि एवं धार्मिक न्यास पर्षद् के नियंत्रणाधीन भूमि पर राज्य सरकार द्वारा 882,87,00,000 रूपये मात्र की योजना की स्वीकृति प्रदान की गई है. इस योजना का क्रियान्वयन पर्यटन विभाग द्वारा किया जा रहा है. इस परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण, मंदिर विकास, सीताकुण्ड का विकास तथा पर्यटन से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जायेगा.
