Patna: मधेपुरा में नया बस स्टैंड मोड़ के पास निगरानी विभाग का पुलिस पदाधिकारी बताकर अवैध वसूली करते आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मूलरुप से सहरसा के सौरबाजार थाना क्षेत्र के हनुमान नगर चन्दौर वार्ड नं-10 के रहने वाले गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार सिंह वर्तमान मधेपुरा थाना क्षेत्र के निरखी वार्ड नं0-22 नथन मुशी के मकान में किरायेदार बनकर रह रहा था. आऱोपी के पास से फर्जी पुलिस परिचय पत्र पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति मधेपुरा नया बस स्टैण्ड मोड़ के पास अपने आप को निगरानी विभाग का पुलिस पदाधिकारी बताकर आने जाने वालें वाहनों को रोककर उनसे अवैध वसूली कर रहा है. सूचना पर सदर थाना पुलिस मधेपुरा नया बस मोड़ के पास पहुँची तो देखा कि एक व्यक्ति आर्मी टीशर्ट पहने रोड किनारे खड़ा था. जो पुलिस वाहन को देख भागने लगा. जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया. नाम पता पूछने पर आना-कानी करने लगा तथा अपने आप को निगरानी विभाग का अधिकारी बताने लगा. गहनता से पूछताछ करने पर अपना नाम विजय कुमार सिंह बताया. तलाशी लेने पर इनके पास से एक परिचय पत्र मिला, जिस पर विशेष डियुटी अधिकारी पुलिस नाम-VIJAY KUMAR SINGH ग्राम-HAND MAN NAGAR, CHANDOUR थाना-SOURBAZAR, SAHARSA पद-SI OFFICER राज्य-BIHAR जारी करने की तिथि-28/08/2018 सत्यापनकर्ता के हस्ताक्षर व मोहर-DGP27/8 निर्गत पदाधिकारी लिखा हुआ था. आऱोपी के संबंध में आस पास के लोगों ने बताया कि बराबर इस जगह पर आकर अपने आप को पुलिस पदाधिकारी बताकर आने जाने वालें वाहनों को रोकवाकर पुलिस का भय दिखाकर अवैध वसूली करता है. इस संदर्भ में मधेपुरा थाना (कांड सं0-1205/25) में मामला दर्ज किया गया.
