Patna: बिहार पुलिस में ‘चालक सिपाही’ के लिखित परीक्षा में पटना, पुर्णिया समेत अन्य जिलों में 10 प्राथमिकी दर्ज की गई है. वही एक दर्जन आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पटना, गया, औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, बेगूसराय में एक-एक और रोहतास में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है. वही औरंगाबाद, दरभंगा, पूर्णिया, बेगूसराय में एक-एक, गया में दो औऱ मुजफ्फरपुर, रोहतास में तीन-तीन आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को पर्षद की विज्ञापन (संख्या 02/2025) के तहत बिहार पुलिस में ‘चालक सिपाही’ के 4,361 पदों पर चयन के लिए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा राज्य के 15 जिलों में 315 परीक्षा केन्द्रों पर एकल पाली में (12:00 बजे मध्याह्न से 02:00 बजे अपराह्न तक) आयोजित की गयी. इस परीक्षा में 1,64,168 अभ्यर्थी पंजीकृत किए गए हैं. लिखित परीक्षा के लिए एकल पाली में 1,64,168 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र निर्गत किया गया था, जिनमें से 1,36,757 अभ्यर्थियों ने ई-प्रवेश-पत्र डाउनलोड किया. अभी तक उपलब्ध आँकड़ों के अनुसार अभ्यर्थियों की उपस्थिति पंजीकृत की लगभग 71 प्रतिशत रही. जिला पदाधिकारियों एवं जिला एसपी के नेतृत्व में जिला स्तर पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई और परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पूर्व जाँच एवं Frisking सख्ती से निष्पादित की गयी. परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों का बॉयोमेट्रिक विधि से अंगूठे का निशान, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करायी गई और परीक्षा कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए पर्षद द्वारा सीसीटीबी की लाईव स्ट्रीमिंग द्वारा निगरानी की गयी. इसके लिए पर्षद मुख्यालय में Command & Control Room बनाया गया. सभी परीक्षा केन्द्रों को जैमर से आच्छादित किया गया था. लिखित परीक्षा कदाचारमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करायी गयी. अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार कदाचार के आरोप में 14 अभ्यर्थी संलिप्त पाये गये हैं, जिनमें से 12 को गिरफ्तार किया गया तथा 10 प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.
