Patna: प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने और स्वरोजगार के इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थियों के बीच मंगलवार को श्रम संसाधन विभाग के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय द्वारा निःशुल्क स्टडी किट एवं टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद के द्वारा दिव्यांग अभ्यर्थियों के बीच स्टडी किट एवं टूलकिट का वितरण किया गया.
इस मौके पर दीपक आनंद ने युवाओं को स्टडी किट से प्रतियोगिता परीक्षाओं सफलता हासिल कर अपना लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने टूलकिट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को भी स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि राज्य के नियोजनालयों द्वारा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को स्टडी किट और बेरोजगार दिव्यांग युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निशुल्क टूलकिट उपलब्ध कराये गए हैं.
इस अवसर पर नियोजनालय में निबंधित वैसे आठ दिव्यांग अभ्यर्थियों को जो विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और आर्थिक रूप से कमजोर हैं, के बीच प्रतियोगिता परीक्षाओं से सम्बंधित पुस्तकें स्टडी किट के रूप में प्रदान की गई. इस कार्यक्रम में विशेष नियोजनालय द्वारा कुल दस दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी निःशुल्क टूलकिट उपलब्ध कराए गए. इसके अलावा अवर प्रादेशिक नियोजनालय द्वारा भी 31 दिव्यांग अभ्यर्थियों को निःशुल्क टूलकिट उपलब्ध कराये गए हैं.
दिव्यांगों के लिए गठित विशेष नियोजनालय की सहायक निदेशक प्रियंका वर्मा ने बताया कि अब दिव्यांग अभ्यर्थियों के बीच स्टडी किट एवं टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन लगातार किया जाएगा. साथ ही, उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे विशेष नियोजनालय एवं अवर प्रादेशिक नियोजनालय में अपना आवेदन जमा करें और सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाएं.
