Ranchi: सरस्वती पूजा के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर सुमित कुमार के नेतृत्व में सिटी हॉक्स की टीम ने जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया.। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में सिटी हॉक्स की टीम बाइक पर सवार होकर जिले के प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करती नजर आई. फ्लैग मार्च के दौरान टीम ने कोर्ट मोड़, पुलिस केंद्र, सरायढेला, स्टील गेट, गोल बिल्डिंग, मेमको मोड़, सिटी सेंटर, बैंक मोड़, धनसार, झरिया, लोदना, जोरापोखर सहित अन्य इलाकों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. सिटी हॉक्स की मौजूदगी से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा दिखा.
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न पूजा पंडालों के पास रुककर आयोजकों से मुलाकात की और सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण एवं भक्ति भाव से मनाने की अपील की. आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पूजा के दौरान डीजे का प्रयोग नहीं किया जाए, तेज ध्वनि में म्यूजिक न बजाया जाए और किसी भी प्रकार के अश्लील या आपत्तिजनक गानों का प्रसारण न हो. इसके साथ ही पूजा पंडालों के आसपास शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करने और जुआ जैसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई.
डीएसपी सुमित कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क है और जिले के हर क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है. उन्होंने आम लोगों और पूजा आयोजकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरस्वती पूजा के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है.
