Ranchi: हनुमान की तरह ऊर्जावान रहकर और भगवान राम की मर्यादा में रहकर रामनवमी मनाने का आनंद ही कुछ और है. डीआईजी-सह-एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा ने रामनवमी की पूर्व संध्या पर यह बातें कहीं. रांची एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा ने शनिवार की रात रांची के डोरंडा ,गाड़ीखाना ,संकट मंचन मंदिर मेन रोड , महावीर चौक सहित कई अखाड़ों के बीच पहुचे. जहां पूजा समितियों के द्वारा उन्हें तलवार और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया. सबसे खास बात ये रही की एसएसपी आवास में हनुमान मंदिर के निर्माण का भी शनिवार को ही एक साल पूरा हुआ. इस अवसर पर मंदिर का प्रसाद लेकर एसएसपी खुद सभी अखाड़ों तक पहुचे और सबके बीच प्रसाद का वितरण भी किया. पूजा समितियों के साथ-साथ सभी राम भक्तों को एसएसपी ने कहा कि आप सभी हनुमान की तरह ऊर्जा और भगवान राम की तरह मर्यादा में रहकर रामनवमी मनाए. इस तरह रामनवमी का त्यौहार मनाने से पुलिस प्रशासन की भी किसी भी सूरत में जरूरत भी नहीं पड़ेगी. ऐसे माहौल में हमारे अधिकारी और जवान भी रामोत्सव का आनंद उठा पाएंगे. रामनवमी की पूर्व संध्या पर भ्रमण के दौरान एसएसपी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी मनाने के लिए सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश भी फील्ड अफसरों को दिए.
ड्रोन कैमरा से जुलूस मार्गों का हवाई सर्वे
रामनवमी के मद्देनजर कांके,रातू ,नगड़ी,नामकुम थाना के संवेदनशील स्थानों में असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आमजन में विश्वास बहाली के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च जिला बल के अतिरिक्त सीआरपीएफ, रैप सुरक्षा बल भी शामिल थे. साथ ही ड्रोन कैमरा से भी जुलूस मार्गों का हवाई सर्वे किया गया. रामनवमी त्योहार के शांतिपूर्ण समापन हेतु रांची पुलिस कृत संकल्पित है.

