Ranchi: जामताड़ा एसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने करमाटांड़ थाना के पुराने थाना भवन में कोचिंग सह गाइडेंस सेंटर और पुस्तकालय का उद्घाटन किया. इस अवसर पर आईपीएस (प्रोब)-सह-थाना प्रभारी राघवेंद्र शर्मा, नारायणपुर अनुमंडल के पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाथ यादव तथा करमाटांड़ थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
उद्घाटन समारोह में उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए एसपी एवं करमाटांड़ थाना प्रभारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने छात्रों को नियमित पढ़ाई करने, समय प्रबंधन करने, अनुशासन बनाए रखने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया.
इस दौरान छात्रों ने अपनी तैयारी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उत्तर एसपी एवं थाना प्रभारी ने दिया, जिससे छात्रों की जिज्ञासा शांत हुई. साथ ही उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि इस नए कोचिंग सह गाइडेंस सेंटर और पुस्तकालय के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में हर संभव मदद प्रदान की जाएगी.
एसपी एवं थाना प्रभारी ने यह भी जानकारी दी कि इस नई पहल के तहत छात्रों को साप्ताहिक और मासिक आधार पर मार्गदर्शन प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे. तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए संबंधित शिक्षकों, टॉपर्स द्वारा सत्र भी आयोजित किए जाएंगे.
मीडिया से बातचीत के दौरान एसपी ने यह भी बताया कि छात्रों के अध्ययन में सहायता के लिए प्रोजेक्टर, वाई-फाई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे. सभी ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की और विश्वास जताया कि यह पुस्तकालय छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed