Ranchi: सरायकेला-खरसावां स्थित जागृति मैदान से एसआई का शव बरामद किया गया है. आशंका जताया जा रहा है कि पत्थर से कूचकर एसआई की हत्या की गई है. आरआईटी थाना क्षेत्र से सटे जागृति मैदान के उत्तरी छोर पर स्थित मुर्गा दुकान के पीछे शव बरामद किया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक एसआई की पहचान अरुण सिंह के रूप में की गई है. शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. घटनास्थल पर मृतक के सिर के नजदीक पत्थर मिला है. खून से लथपथ शव देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है. मृतक के हाथ और कान से भी खून निकल रहा था. हालांकि एसआई की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है. मामले की छानबीन की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक अरुण सिंह रांची से मालखाना का चार्ज देने आए थे. वे पूर्व में आरआईटी थाने में पदस्थापित रह थे और अगले साल सेवानिवृत्त होने वाले थे. मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं. मामले की छानबीन की जा रही है और पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
