Patna: पीएमसीएच से फरार शार्प शूटर को एसटीएफ और वैशाली पुलिस ने एनकाउंटर में ढ़ेर कर दिया है. सदर थाना क्षेत्र के दिग्धी स्थित हनुमान नगर में दो लाख का इनामी 300 किग्रा सोना लूट का मास्टरमाइंड अपराधी प्रिंस उर्फ अभिषेक का एनकाउंटर हुआ है. प्रिंस उर्फ अभिषेक वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के हसना गांव का रहने वाला था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्रिंस वैशाली जिले में एक मकान में छिपा हुआ है. सूचना पर गठित विशेष टीम मौके पर पहुंचकर इलाके का घेराबंदी किया. इसी दौरान प्रिंस ने पुलिस पर गोली चला दिया. पुलिस ने जवाबी फायरिंग किया तो प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौके पर से एक अन्य अपराधी को पुलिस ने घायल अवस्था में पकड़ा है. वैशाली एसपी ने बताया कि एनकाउंटर के दौरान जिस पिस्टल से फायरिंग की गई थी, उसे जब्त कर लिया गया है. गिरफ्तार साथी के पास से भी हथियार बरामद हुआ है. उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिसकर्मी को कमरे में बंद कर हुआ था फरार
बेउर जेल में बंद प्रिंस को 2 सितंबर 2025 को ईलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था. फ़िल्मी स्टाइल में 8 पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी दी और सभी पुलिसकर्मियों को एक कमरे में बंद कर फरार हो गया था. तब से वह पुलिस की पकड़ से बाहर है. पीएमसीएच से फरार दो लाख रुपये के इनामी अपराधी प्रिंस उर्फ अभिषेक पर हाजीपुर कोर्ट में एक पुलिस जवान की हत्या समेत 28 आपराधिक मामले दर्ज है. प्रिंस को कुख्यात अपराधी सुबोध सिंह का शार्प शूटर माना जाता था. 300 किलों सोना लूट मामले का मास्टरमाइंड प्रिंस पर सरकार ने दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. सुबोध सिंह और प्रिंस गिरोह ने 2017 में आसनसोल से 56 किलो सोना, 2019 में हाजीपुर से 55 किलो सोना, 2022 में राजस्थान के उदयपुर से 24 किलो सोना, 2022 में ही मध्य प्रदेश के कटनी से 16 किलो सोना और 2023 में देहरादून से 18 किलो सोने की लूट की वारदात को अंजाम दिया था.
