Patna: दशहरा पर्व पर विधि-व्यवस्था ड्यूटी में प्रतिनियुक्त 7 पुलिस पदाधिकारी व जवानों के वेतन पर रोक लगा दिया गया है. जांच के दौरान सभी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल से गायब मिले थे. अनुशासनिक कार्रवाई के विरूद्ध 5 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है. जांच के लिये प्रतिनियुक्त अनुमंडलवार पुलिस पदाधिकारियों के रिपोर्ट पर सारण एसएसपी ने यह कार्रवाई की है. इनमें साहेबगंज चौक पर प्रतिनियुक्त प्र एसआई शैलेन्द्र कुमार, एसआई विरेन्द्र मांझी, महिला सिपाही टुन्नी कुमारी, सोनारपट्टी चौक पर प्रतिनियुक्त महिला सिपाही ममता कुमारी,  जमा मस्जिद के पास प्रतिनियुक्त महिला सिपाही बृजकिशोरी, सलोचना कुमारी और मानो कुमारी का नाम शामिल है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दशहरा पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था स्थापित करने के लिये पुलिस पदाधिकारी, बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, बलों की उपस्थिति की जाँच के लिये अनुमंडलवार पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई. अनुमंडल सदर-01 के जाँच पुलिस पदाधिकारी ने उपस्थिति के संदर्भ में जाँच में पता चला कि साहेबगंज चौक, सोनारपट्टी चौक और जमा मस्जिद पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, बल ड्यूटी से अनुपस्थित थे. जो इनके कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन एवं आदेशोल्लंघन को परिलक्षित करता है. उपरोक्त सभी पुलिस पदाधिकारी, बल को अपने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के आरोप में सारण एसएसपी ने वेतन रोक दिया है. वही अनुशासनिक कार्रवाई के विरूद्ध 5 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण की मांग की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *