Patna: हजारीबाग के कोहिनूर होटल में परीक्षार्थी को ले जाने वाला संजीव मुखिया का गुर्गा को ईओयू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. पटना के गोला रोड बिहार कॉलेज ऑफ फार्मेसी के नजदीक लाल भवन के पास रहने वाला वांछित अपराधी बिपुल कुमार उर्फ बिपुल शर्मा को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया है. ईओयू को सूचना मिली थी कि संजीव मुखिया गिरोह के वांछित अपराधी बिपुल कुमार उर्फ बिपुल शर्मा पटना स्थित निवास में छिपे है. सूचना पर छापामारी कर गिरफ्तार किया गया. संजीव मुखिया गिरोह का सक्रिय सदस्य बिपुल कुमार ने पूछताछ में बताया कि यह गिरोह प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल परीक्षार्थी को झांसा देकर तथा परीक्षा में सफल करा देने का आश्वासन देकर मोटी रकम वसूलता है. साथ ही ये प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक करने में शामिल रहा है. बिपुल कुमार वर्ष 2023 में एटीईटी हरियाणा का प्रश्न पत्र लीक कराने में संजीव मुखिया को सहयोग किया था. गिरोह के कुछ सदस्यों के साथ ये फ्लाईट से दिल्ली गया तथा वहाँ से सड़क मार्ग से हरियाणा के सोनीपत में किसी रिसॉर्ट में अभ्यर्थियों को एटीईटी हरियाणा के लीक प्रश्न पत्र का उत्तर रटवाया था. बीपीएससी टायर-3.0 परीक्षा के ठीक पूर्व ये संजीव मुखिया गिरोह से जुड़ कर 15 अभ्यर्थियों को विंगर गाड़ी से झारखंड के हजारीबाग में कोहिनूर होटल में लेकर गया था. जहाँ पूर्व से योजनानुसार करीब 500 अभ्यर्थियों को लीक किये गये प्रश्न पत्र को रटवाने की व्यवस्था की गई थी. कोहिनूर होटल में परीक्षार्थी को फ्रीसकिंग करने के लिए ये हैण्ड हेल्ड डिवाईस भी साथ में लेकर गया था.

बता दे कि बिहार लोक सेवा आयोग की टायर-3.0 परीक्षा पेपर लीक से संबंधित आर्थिक अपराध थाना (काण्ड सं0-06/24) का अनुसंधान ईओयू द्वारा किया जा रहा है. इसमे अब तक 289 आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा शेष बचे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए  छापामारी जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed