Patna: सहरसा के कनरिया थाना पुलिस ने नारायण यादव हत्याकांड का खुलासा कर लिया है. नारायण यादव को उसके पुत्र ने ही जमीन विवाद के चलते गला काटकर हत्या किया था. आरोपी पुत्र पिन्टु यादव उर्फ मुकेश कुमार को घोघसम घाट से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के निशानदेही पर चाकू, मृतक कपड़ा और कचिया पुलिस ने बरामद किया है.
मामले की जानकारी देते हुए सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ ने बताया मृतक नारायण यादव के चार पुत्र थे. प्रथम पुत्र रंजीत कुमार की मृत्यु 2012 में सड़क दुर्घटना में हो गयी थी. मुकेश कुमार उर्फ पिन्टु के द्वारा ही अपने बड़े भाई रंजीत कुमार को मुखाग्नि दिया गया था एवं उनकी पत्नी से विवाह किया था. इसके बदले में मृतक नारायण यादव के द्वारा दो कट्टा जमीन मुकेश कुमार उर्फ पिन्टु को देने की बात कही गयी थी. परन्तु मुकेश कुमार उर्फ पिन्टु को जमीन नहीं मिला जिस कारण मुकेश कुमार उर्फ पिन्टु का अपने पिता नारायण यादव से आये दिन विवाद होते रहता था. इसी जमिनी विवाद के कारण मुकेश कुमार उर्फ पिन्टु के द्वारा अपने पिता नारायण यादव का गला काटकर हत्या कर दिया.
घर से 500 मीटर दूर पानी भरे धान के खेत से बरामद हुआ था शव
12 अक्टूबर को नारायण यादव की गला काटकर हत्या कर दी गई थी. घर से 500 मीटर दूर पानी से भरे धान खेत से शव बरामद किया गया था. मृतक का सर घटनास्थल से गायब था. नारायण दास घर से घास काटने निकला था. सूचना पर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची पुलिस की टीम शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया था. घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को बुलाया गया. मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर कनरिया थाना (कांड सं०-65/25) में मामला दर्ज किया गया. सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में कटे सर की बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिये एक विशेष टीम का गठन किया गया. 14 अक्टूबर को घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित बांसबिट्टी से मृतक का सर बरामद किया गया.
