Ranchi: नगरपालिका (आम) निर्वाचन के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित G-14 सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी निर्वाची/सहायक निर्वाची पदाधिकारियों सहित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया, मतदान एवं मतगणना की तैयारियों सहित निर्वाचन से जुड़े सभी कोषांगों द्वारा अब तक किए जा रहे कार्यों की क्रमवार एवं विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई. उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर सतत निगरानी रखने तथा सभी कार्यों को अत्यंत सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की संभावना न रहे.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं पारदर्शिता के साथ अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन का निर्देश दिया. बैठक में विशेष रूप से ट्रांसपोर्ट नगर अवस्थित स्ट्रांग रूम एवं निर्धारित मतगणना स्थल पर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की गई. संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन, आवागमन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त बैठक में निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटी कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना प्रौद्योगिकी कोषांग तथा नियंत्रण कोषांग के कार्यों की भी समीक्षा की गयी.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कोषांगों से निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.

रांची नगर निगम क्षेत्र मेयर पद के लिए 11 उम्मीदवार को आवंटित चुनाव चिन्ह

  1. किरण कुमारी एयर-कंडीशनर
  2. देवी दयाल मुंडा-छड़ी
  3. प्रवीण कच्छप-चूड़ियां
  4. विनोद कुमार बड़ाईक-बैटरी टॉर्च
  5. रमा खलखो-बेंच
  6. रोशनी खालको-बिस्किट
  7. सुजाता कश्यप-बक्सा
  8. सुजीत विजय आनंद कुजूर-ईंटें
  9. सुमनकांत तिग्गा-बाल्टी
  10. सुरेंद्र लिंडा-कैमरा
  11. सोनू खलखो-कारपेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed