Patna: नालंदा जिले के चण्डी प्रखण्ड संसाधन केन्द्र में तैनात संसाधन शिक्षक को भुगतान के एवज में रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय से रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी संसाधन शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को 17,000 रूपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है. निगरानी से मिली जानकारी के अनुसार धर्मेन्द्र कुमार ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया कि आरोपी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकीर पुष्पा कुमारी के द्वारा अंतर वेतन एवं वार्षिक वेतन वृद्धि भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है. ब्यूरो जब शिकायत का सत्यापन कराया तो आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया. इस संबंध में निगरानी थाना (कांड सं0-019/26) में प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकीर पुष्पा कुमारी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया. अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकीर पुष्पा कुमारी द्वारा रिश्वत की राशि को स्वयं लेने के बदले संसाधन शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को देने के लिए कहा गया. निगरानी की टीम ने मनोज कुमार वर्मा को 17,000 रूपये रिश्वत लेते हुए प्रखण्ड संसाधन केन्द्र स्थित प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया.
