Patna: तीन साल से लोगो के साथ फर्जी दरोगा बनकर ठगी करने वाले आरोपी को अररिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मधेपुरा जिले के दुधैला वार्ड नं-9 के रहने वाले गिरफ्तार आरोपी रणवीर कुमार के पास से दरोगा की पूरी वर्दी, नकली पिस्टल और बाईक पुलिस ने बरामद किया है. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से फर्जी दरोगा बनकर आस-पास के जिलों में ठगी, भय दोहन एवं लोगों को बरगलाने का काम कर रहा है. उसने स्वीकार किया कि वह दरोगा की वर्दी धारण कर आम जनता एवं सरल स्वभाव के लोगों से पैसे ठगता है, पुलिस कार्यालयों एवं जनता दरबार के आसपास घूमकर पैरवी के नाम पर लोगों से अवैध उगाही करता है. कभी-कभी बाहर राज्यों की वाहनों को हाईवे पर रोककर चालान करने का भय दिखाकर अवैध वसूली भी करता है. धारण की गई वर्दी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक नकली काले रंग का पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर बरामद किया गया. पुलिस विभाग की छवि को क्षति पहुँचाना, फर्जीवाड़ा, प्रतिरूपण एवं अवैध वसूली जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर टाउन थाना लाया गया. इस संबंध में टाउन थाना (कांड सं.-473/25) में मामला दर्ज किया गया है.

समाहरणालय में घूम रहा था आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब 03:15 बजे सूचना मिली कि अररिया समाहरणालय परिसर में पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) की वर्दी में एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा गया है. सूचना पर टाउन थाना पुलिस की एक पुलिस टीम समाहरणालय पहुँची और संदिग्ध व्यक्ति की खोजबीन प्रारंभ की. खोजबीन के दौरान चुनाव कोषांग के पास आरोपी को दरोगा की वर्दी पहने हुए अपनी बाईक स्टार्ट करते देखा गया. संदेह के आधार पर उसे रोका गया. उसने स्वयं को पुअनि रणवीर कुमार (2018 बैच) बताया. जब उससे पुलिस आईडी, थाना का नाम, वर्तमान दायित्व, प्रशिक्षण एवं नियुक्ति संबंधी बिंदुओं पर पूछताछ की गई, तो वह अत्यधिक घबराहट में उत्तर देने लगा और किसी भी प्रश्न का सुसंगत या प्रमाणित उत्तर प्रस्तुत नहीं कर सका. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed