Ranchi: रांची उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार सोमवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त, सौरभ भुवनिया की अध्यक्षता में राँची जिले में हाल ही में नव-नियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक का मुख्य उद्देश्य नव-नियुक्त पदाधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों और अपेक्षित प्रदर्शन के बारे में विस्तृत रूप से मार्गदर्शन प्रदान करना था. उप विकास आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और फिर उन्हें निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए:
(1) निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ दायित्वों का निर्वहन.
(2) सामान्य जनता की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक निस्तारण.
(3) सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), राशन वितरण, खाद्यान्न आपूर्ति में पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमित निगरानी.
(4) सामाजिक कल्याण योजनाओं (पेंशन, छात्रवृत्ति, विधवा/विकलांग/वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आदि) के लाभार्थियों तक समय पर एवं निर्बाध पहुँच सुनिश्चित करना.
(5) प्रखंड स्तर पर नियमित निरीक्षण, स्टॉक सत्यापन, e-PoS मशीनों का प्रभावी संचालन, आधार सीडिंग की स्थिति की समीक्षा.
(6) डिजिटल प्लेटफॉर्म (DBT, Aadhaar आधारित सत्यापन, PFMS, समन्वित प्रणाली) का अनिवार्य उपयोग.
(7) भ्रष्टाचार, गड़बड़ी या अनियमितता की किसी भी सूचना/शिकायत पर तत्काल कार्रवाई एवं उच्चाधिकारियों को सूचित करना.
(8) अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखना.
कर्तव्य का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ करें
उप विकास आयुक्त ने विशेष रूप से कहा “आपको जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह केवल सरकारी पद नहीं, बल्कि लाखों आम नागरिकों के जीवन से सीधे जुड़ी हुई है. आपका कार्य निष्पादन सीधे जनता के विश्वास को प्रभावित करता है. इसलिए कर्तव्य का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ करें ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को उसका हक मिल सके और किसी भी शिकायत का समाधान जल्द से जल्द हो सके.
राँची जिले को एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण
उप विकास आयुक्त ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने प्रखंडों में आपूर्ति व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में राँची जिले को एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.
बैठक में ITDA संजय भगत, विशिष्ट अनुमंडल पदाधिकारी, मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रामगोपाल पाण्डेय, जिला कल्याण पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
