Ranchi: पलामू के तरहसी थाना पुलिस ने राजदेव महतो हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. अवैध संबंध के खुलासे के धमकी के वजह से राजदेव महतो हत्याकांड को अंजाम दिया गया था. गिरफ्तार आरोपी में बच्चु महतो और संतोष महतो का नाम शामिल है. दोनो आरोपी तरहसी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी एवं खटिया पुलिस ने बरामद किया है. वही एक आरोपी फरार है. फरार आरोपी की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के ही सुरेश राम के रुप में की गई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 मार्च को सुबह सूचना प्राप्त हुई कि बंगला किनारे पदमा जाने वाली सड़क के किनारे कलकटवा जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच किया. मृतक की पहचान ग्राम सेवती निवासी राजदेव महतो के रूप में की गई. इस संबंध में मृतक की पत्नी दुलारी देवी के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करते हुए तरहसी थाना (कांड संख्या-36/2026) में मामला दर्ज किया गया. वही लेस्लीगंज (पांकी) एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया. अनुसंधान के क्रम में संदेह के आधार पर ग्राम सेवती निवासी देवन्ती देवी से पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने बताया कि तरहसी निवासी सुरेश राम एवं सेवती निवासी संतोष महतो अक्सर उसके घर शराब पीने आते थे. इस बात को लेकर मृतक राजदेव महतो को संदेह था कि दोनों का देवन्ती देवी के साथ अवैध संबंध है, जिस कारण वह लगातार उन्हें धमकी देता था कि वह गांव में इस बात का खुलासा कर देगा. अनुसंधान में यह भी सामने आया कि मृतक राजदेव महतो अक्सर अपने पशुओं को चराने के लिए कलकटवा जंगल जाता था और वहीं बच्चु महतो के भंडार घर पर समय बिताता था. शराब पीने के बाद मृतक बच्चु महतो को भी अपशब्द कहता था, जिससे बच्चु महतो के मन में भी उसके प्रति रोष था. इसी क्रम में सुरेश राम, संतोष महतो एवं बच्चु महतो ने षड्यंत्र रचकर 27 फरवरी को दामोदर महतो के पुत्र के भोज से मृतक राजदेव महतो को बहला-फुसलाकर बच्चु महतो के कलकटवा जंगल स्थित खपरैल भंडार घर में ले गए, जहां टांगी से वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को भंडार घर के बगल स्थित खलिहान में पुआल से ढक दिया गया तथा घटनास्थल पर गिरे खून को मिट्टी हटाकर दूसरी मिट्टी से लीप दिया गया. बाद में 1 मार्च की रात तीनों आरोपी ने शव को खाट पर लादकर जंगल के रास्ते बंगला किनारे पदमा जाने वाली सड़क के पास कलकटवा जंगल में फेंक दिया, ताकि किसी को संदेह न हो. देवन्ती देवी के बयान के आधार पर बच्चु महतो एवं संतोष महतो से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी एवं खाट (खटिया) बरामद की गई है. शामिल अन्य आरोपी सुरेश राम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई, परंतु वह घर से फरार पाया गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed