Ranchi: राजधानी रांची में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. नामकुम थाना क्षेत्र के बुदरी गांव में पुलिस छापेमारी कर भारी मात्रा में डोडा और अफीम के साथ किंगपिन को गिरफ्तार भी किया है. गिरफ्तार आऱोपी मनीष तिर्की नामकुम थाना क्षेत्र के बुदरी का रहने वाला है. मौके पर 566.5 किग्रा डोडा, 700 ग्राम अफीम, महिन्द्रा बोलेरो वाहन, 2,28,000 रूपया नगद और मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.

मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी ने बताया कि रांची एसएसपी को आसूचना प्राप्त हुई कि नामकुम थाना क्षेत्र के ग्राम-बुदरी में एक गिरोह के द्वारा अफीम एवं डोडा की तस्करी की जा रही है तथा उनके पास अवैध अफीम एवं डोडा छुपा कर रखा हुआ है. उक्त आसूचना पर मुख्यालय प्रथम डीएसपी के नेतृत्व में छापामारी दल किया गया. छापामारी के क्रम में ग्राम-बुदरी स्थित मनीष तिर्की के मकान से 31 बोरा एवं मकान परिसर में खड़ी महिन्द्रा बोलेरो गाड़ी (JH05AS-1583) में रखे चार बोरा में डोरा बरामद किया गया. बरामद डोडा का कुल वजन-566.5 किग्रा है. तलाशी के क्रम में मनीष तिर्की के घर के अन्दर रखे अलमीरा के दराज से 700 ग्राम अफीम, डिजिटल मशीन, 2,28,000 रूपये नगद, बैंक पासबुक एवं फोन बरामद किया गया. बरामद डोडा का अनुमानित मूल्य 84,97,500 रूपया एवं अफीम का अनुमानित मूल्य 3,50,000 रूपया बताया गया है. मौके पर मनीष तिर्की को गिरफ्तार किया गया. पुछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि उसके द्वारा अत्यधिक मुनाफा कमाने की उद्देश्य से अवैध डोडा एवं अफीम के कारोबार के लिए एक सिंडिकेट बनाया गया है, जो मादक पदार्थ का अवैध कारोबार कर रहा है. जिसमें रांची जिला के अलावा खूंटी एवं हजारीबाग जिले के भी सदस्य शामिल है. इस गिरोह के द्वारा अवैध व्यापार के संचालन में नकद लेन-देन के अलावे डिजिटल लेन-देन भी किया जाता है. गिरोह के द्वारा अवैध डोडा एवं अफीम की खरीद स्थानीय स्तर पर की जाती है तथा अन्य जिलों में इसकी सप्लाई सिंडिकेट के माध्यम से की जाती है. इस गिरोह के पास कई चारपाहिया वाहन है, जिन्हें अवैध कारोबार के लिए प्रयोग में लाया जाता है. इस गिरोह में शामिल अन्य सक्रिय सदस्यों को चिन्हित कर उनके गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. इस संबंध में नामकुम थाना (कांड संख्या-81/26) में मामला दर्ज किया गया है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed