Patna: बिहार मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एसबीआई पटना मैराथन 2026 का सफल आयोजन रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया गया. “रन फॉर नशामुक्त बिहार” थीम पर आयोजित इस मैराथन में लगभग 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त और स्वस्थ बिहार के संकल्प को मजबूत समर्थन दिया. मैराथन का उद्देश्य बिहार को नशामुक्त बनाने, लोगों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना था. कार्यक्रम की शुरुआत एक ऊर्जावान जुम्बा सेशन से हुई, जिसने सभी प्रतिभागियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया.
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग अजय यादव, आयुक्त उत्पाद-सह-निबंधन महानिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, एसबीआई पटना सर्किल के चीफ जनरल मैनेजर अनुराग जोशी, जनरल मैनेजर नेटवर्क-साउथ बिहार रवींद्र कुमार श्रीवास्तव, जनरल मैनेजर नेटवर्क-नॉर्थ बिहार आर. नटराजन तथा जनरल मैनेजर नेटवर्क-झारखंड विवेक चंद्र जायसवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
मैराथन के सफल संचालन के लिए व्यापक प्रबंध
मैराथन की शुरुआत प्रातः 3:30 बजे गांधी मैदान के गेट संख्या-01 से की गई. निर्धारित रूट गांधी मैदान से प्रारंभ होकर जेपी गंगा पथ और अटल पथ तक था. अटल पथ से यू-टर्न लेकर प्रतिभागी उसी मार्ग से वापस गांधी मैदान के गेट संख्या-01 तक पहुंचे, जहां फिनिशिंग लाइन पर दौड़ का समापन हुआ. विभिन्न श्रेणियों की दौड़ को निर्धारित अंतराल पर गेट संख्या-01 से हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ कराया गया.
मैराथन के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे. मार्ग पर दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं कार्डियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की गई थी. 10.5 किलोमीटर के बिंदु पर एंबुलेंस और चिकित्सकों की तैनाती के साथ-साथ पूरे मार्ग पर दो एंबुलेंस लगातार गतिमान रहीं. इसके अतिरिक्त पीएमसीएच, एनएमसीएच, इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान तथा इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं, ऑपरेशन थिएटर एवं ट्रॉमा सेंटर भी तैयार रखे गए थे.
42.2 किमी (फुल मैराथन) विजेताओं की सूची
प्रथम स्थान: SADEM DESE HUSEN (इथियोपिया) – समय 02:22
द्वितीय स्थान: TEBEJE KINETO WASHE (इथियोपिया) – समय 02:26:32
तृतीय स्थान: ISAIAH NDUNGU GICHOHI (केन्या) – समय 02:26:36
21.2 किमी (हाफ मैराथन) पुरुष वर्ग:
प्रथम: मुकेश भंभू
द्वितीय: NAFSENA EJETA
तृतीय: JOHN MUINDE
21.2 किमी (हाफ मैराथन) महिला वर्ग:
प्रथम: तामसी सिंह
द्वितीय: आकांक्षा सिंह
तृतीय: ABERU GEMECHU
10 किमी दौड़ पुरुष वर्ग
प्रथम: पंकज यादव
द्वितीय: उत्तम कुमार
तृतीय: संदीप यादव
10 किमी दौड़ महिला वर्ग:
प्रथम: याशी सचान
द्वितीय: स्नेहा सिंह
तृतीय: शिवानी कुमारी
पटना मैराथन 2026 में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
