Patna: नालंदा के पंचाने सिंचाई योजना का जीर्णोद्धार कर विकसित किया जायेगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को प्रगति यात्रा के दौरान घोषणा की. इसके अलावे सरमेरा में समेकित कृषि प्रणाली के लिए “कृषि अनुसंधान केन्द्र” खोला जायेगा. हिलसा पूर्वी बाईपास पथ के लिए भू-अर्जन हो गया है अब शीघ्र काम शुरू किया जायेगा. बरगइनिया पईन का जीर्णोद्धार कार्य किया जायेगा. बिहारशरीफ के सोहसराय हॉल्ट के पास आरओबी-सह-रोटरी का निर्माण किया जायेगा. करायपरसुराय, हिलसा, एंकगरसराय एवं इस्लामपुर प्रखंडों में लोकाईन नदी के तटबंध पर कटाव निरोधी कार्य किया जायेगा. मकनपुर से धमौली तक अधियारा नदी की गाद उड़ाही एवं नूरसराय और हरनौत प्रखंड में 8 स्थानों पर एंटी फ्लड स्लूइस गेट का निर्माण किया जायेगा. बेनार-सकसोहरा पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा. बिहारशरीफ के एतबारी बाजार से उपरौरा मोड़ पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा. साथ ही आरओबी-सह-पहुँच पथ का निर्माण किया जायेगा. सरमेरा प्रखंड में धनावाडीह एवं गोपालबाद में जमींदारी बांध का जीर्णोद्धार किया जायेगा. नूरसराय संगत के पास हो रहे जल जमाव से निवारण के लिए काम कराया जायेगा. बाबा मखदूम साहब की मजार (बड़ी दरगाह) तक पहुँचने हेतु अलीनगर से बिहारशरीफ पूर्वी बाईपास तक सड़क चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण किया जायेगा. बिहारशरीफ में पंचाने नदी के कोसुक घाट को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित किया जायेगा. बिहारशरीफ शहर में पुराने राँची रोड का चौड़ीकरण किया जायेगा. हसनपुर के पास राजगीर बाईपास होते हुये राजगीर खेल अकादमी मोड़ तक पथ का चौड़ीकरण किया जायेगा. ब्रह्मकुंड परिसर का समग्र विकास किया जायेगा. अस्थावां, इस्लामपुर, चंडी, रहुई, हरनौत एवं गिरियक प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा. ईको-टूरिज्म के दृष्टिकोण से राजगीर वन क्षेत्र में अवस्थित ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण तथा जेपी उद्यान, वेणु वन, घोड़ा कटोरा आदि का और विकास कराया जायेगा. साथ ही डायनासोर पार्क का निर्माण कराया जायेगा.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के क्रम में नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड के नानन्द गांव स्थित बने कार्यक्रम स्थल से नालंदा जिले के लिए 820.72 करोड़ रुपये की 263 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इसमें 361.66 करोड़ रुपये की 177 योजनाओं का उद्घाटन और 459.05 करोड़ रुपये की 86 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. नालंदा जिले में विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया. इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने महादलित बस्ती का भ्रमण किया. वहां बनाए गए खेल मैदान का जायजा लिया और खिलाड़ियों को बास्केट बॉल प्रदान कर खेल का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन सह वर्कशेड का उद्घाटन कर जायजा लिया और बाल हृदय योजना के लाभार्थियों से मुलाकात की. सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत पशु धन के हस्तांतरण का प्रमाण पत्र दिया. नानन्द गांव में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया.
मुख्यमंत्री ने 37 करोड़ 89 लाख रुपये लागत के नवनिर्मित राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय उच्च विद्यालय भवन का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया. मोहनपुर मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने नालंदा जिला के बिंद प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 218.20 लाख रुपये की लागत से 100 बेड के बालिका छात्रावास भवन का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया. सोहसराय हॉल्ट के पास रिंग रोटरी निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया.
