Patna: जाली नोट के कारोबार में संलिप्त 2 लाख का इनामी पाकिस्तानी एजेंट को समस्तीपुर में गिरफ्तार कर लिया गया है. नेपाल के बारा निवासी गिरफ्तार आरोपी नूर मोहम्द एनआईए का भी वांछित था. जाली नोट रैकेट का सक्रिय सदस्य नूर मोहम्मद को समस्तीपुर ज़िले के पटौरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है.
2014 से फरार चल रहे एक नेपाली नागरिक नूर मोहम्मद के जाली नोट कारोबार में दुबई स्थित एक पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल है. नूर मोहम्मद के विरुद्ध कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था. एनआईए ने नवंबर 2017 में इस मामले में नई दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट स्थित विशेष अदालत में उसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था. एनआईए ने अप्रैल 2014 में जाली नोटों की बरामदगी के बाद जून 2014 में मामला दर्ज किया था. नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जब्त की गई करेंसी 17 और 18 अप्रैल 2014 को दुबई से भारत में लाई गई थी. एनआईए की जांच में पता चला कि आरोपी नूर मोहम्मद ने सह-आरोपी एकरामुल अंसारी और पाकिस्तानी एजेंट और वहीं के नागरिक सैयद मोहम्मद शफी उर्फ शफी चाचा सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर भारत में उच्च गुणवत्ता वाले जाली नोट की खरीद, परिवहन, आपूर्ति और प्रचलन के लिए आपराधिक साजिश रची थी. नूर मोहम्मद ने जब्त की गई खेप की डिलीवरी पर कड़ी निगरानी रखी थी.
