Patna: मरीन ड्राइव पर अगले तीन महीने में एक लाख पेड़ लगाने का हमारा लक्ष्य है. बिहार में विकास कार्यों के कारण जहां भी पेड़ कटता हैं उसके बदले अन्य स्थान पर उससे कहीं ज्यादा पेड़ लगाए जाते हैं.  पिछले करीब 20 वर्ष में लगातार पेड़ लगाए गए हैं. ये बातें शनिवार को होटल ताज सिटी सेंटर में आयोजित एक कार्यशाला में राज्य के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कही है. “मानव-वन्यजीव : द्वंद से सह-अस्तित्व की ओर” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने बिहार सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए महत्वपूर्ण कार्यों और योजनाओं के बारे में बताया.

उन्होंने कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव न हो इसके लिए बिहार सरकार काम कर रही है. बिहार में पर्यावरण को लेकर बहुत काम हुए हैं. बिहार के बंटवारे के समय मात्र 6 प्रतिशत हरित आवरण था जो कि आज बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है.

उन्होंने कहा कि बिहार में ईको टूरिज्म को विकसित करने के लिए भी काम किए जा रहे हैं. वाल्मीकि नगर में करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से लव कुश पार्क बनाने का काम हमारी सरकार कर रही है. मरीन ड्राइव के पास विश्व स्तर का बड़ा एक्वेरियम बनाने की योजना पर काम चल रहा है. पटना में अब वाटर मेट्रो रेल भी जल्द शुरू होगी.

तीन महीने में हरियाली मिशन, विकास के साथ पर्यावरण संतुलन पर फोकस

कार्यशाला में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री और मुजफ्फरपुर से सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से मानव और वन्य जीवों के बीच संघर्ष बढ़ा है जिसकी वजह वन्य जीवों के आवास का नष्ट होना है. वन्य जीवों के कॉरिडोर का संरक्षण जरूरी है इसके लिए जनभागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए.

पटना-डोभी ग्रीन कॉरिडोर में देशी प्रजातियों के पौधे लगाने की योजना

वहीं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि पटना -डोभी ग्रीन कॉरिडोर में पीपल, नीम पाकड़ और जामुन जैसे देशी पेड़ लगाए जाएंगे. हमें विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता है.

कार्यक्रम में वाल्मिकीनगर के सांसद सुनील कुमार ने कहा कि प्रकृति में संतुलन बनाए रखने के लिए मानव और वन्य जीव दोनों जरूरी है. वन्य जीवों के सह-अस्तित्व से छेड़छाड़ ठीक नहीं है.

इस मौके पर बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह, आरा से सांसद सुदामा प्रसाद, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, प्रधान मुख्य वन संरक्षक हॉफ प्रभात कुमार गुप्ता,  अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अभय कुमार समेत कई अन्य ने अपनी बातें रखीं. कार्यक्रम में भीमबांध वन्यप्राणी आश्रयणी के सर्वे रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाले लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *