Ranchi: बोकारो ट्रेजरी से वेतन मद में 3.15 करोड़ रुपये की संदिग्ध निकासी के मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है। उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा के निर्देश पर ट्रेजरी ऑफिसर (टीओ) गुलाब चंद उरांव द्वारा संबंधित मामले में बी.एस.सिटी थाने में देर रात प्राथमिकी दर्ज कराई.
अपने आवेदन में टीओ ने लिखा है कि मीडिया रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ की गई. जांच के क्रम में कोषागार अभिलेखों एवं बैंक खातों से प्राप्त विवरणियों का परीक्षण किया गया.
प्रथम दृष्टया जांच में यह पाया गया कि पुलिस उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह के नाम से वित्तीय वर्ष 2024-25 के माह मई 2024 से मार्च 2026 तक वेतन मद से निकाली गई राशि को अन्य खातों में स्थानांतरित किया गया.
टीओ के जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उक्त राशि का स्थानांतरण पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय द्वारा अपनी पत्नी के बैंक खाते में कराया गया. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा आरोपित अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उपायुक्त स्वयं कर रहे है पूरी स्थिति की निगरानी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है तथा सभी दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई. सुनिश्चित की जाएगी. प्रशासन पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. उपायुक्त स्वयं पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.
जानकारी हो कि, मामला संज्ञान में आने के तुरंत बाद उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी को विस्तृत जांच का आदेश दिया था. उन्हें निर्देशित किया था है कि प्रकाशित समाचार के वर्णित सभी बिंदुओं की गहन जांच करते हुए तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करें. साथ ही जांच कार्य पूर्ण कर 24 घंटे के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा था.
उधर अपर समाहर्त्ता (एसी) मो. मुमताज अंसारी की प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद उपायुक्त (डीसी) ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश जारी किया. अपर समाहर्ता ने प्रारंभिक जांच में पाया था कि उपेन्द्र सिंह के नाम पर वेतन मद में की गई निकासी सामान्य प्रक्रिया से मेल नहीं खाती और इसमें गंभीर अनियमितता की आशंका है. जिसके बाद डीसी ने मामले से संबंधित व्यक्ति और उससे जुड़े खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू करने, विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. वहीं, मामले में संबंधित के विरूद्ध बोकारो एसपी को कड़ी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है.
