Ranchi: शुक्रवार को रामनवमी के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी गांडेय विधायक कल्पना सोरेन तपोवन मंदिर पहुंचे. ऐतिहासिक रामजानकी तपोवन मंदिर में पहुंचकर हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने पूरे विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और और स्वस्थ्य जीवन की कामना की. इस दौरान हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के साथ वहां मौजूद लोगों ने जय श्री राम के नारे भी लगाए. मुख्यमंत्री के मंदिर आगमन पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने विधिवत आरती में भाग लिया और मंदिर परिसर में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया. विधायक कल्पना सोरेन ने भी इस अवसर पर महिला श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व सत्य, न्याय और मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा देता है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने कांके रोड़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में स्थित मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और राज्य के सर्वागीण विकास की कामना की. रामनवमी के मौके पर राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में भक्तिमय माहौल है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रामनवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली जाएगी. इसको लेकर सुरक्षा-व्यस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये है. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने भी इसको लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये है.

रामनवमी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं. पूरे शहर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद थे. सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई थी. सिटी कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं और जुलूसों पर लगातार नजर रखी जा रही थी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. मुख्य मार्गों पर वरीय अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला. मेन रोड क्षेत्र में एसएसपी राकेश रंजन खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए.

श्री सनातनपंचायत ने निकाली 251 राम ध्वज के साथ शोभायात्रा

प्रत्येक साल की भांति इस साल भी 251 ध्वज के साथ बाजे गाजे एवं करतब दीखाते हुए अस्त्र-शस्त्र का संचालन करते हुए रातू रोड से महावीर चौक प्राचीन महावीर मंदिर होते हुए फिरायालाल होते हुए तपोवन मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना किया पूजा अर्चना के बाद अपने सभी ध्वज को लेकर पुनः वापस अखाड़ा में पहुंचे. इस शोभा यात्रा का नेतृत्व श्री सनातन महापंचायत के मुख्य संयोजक ललित नारायन ओझा ने किया साथ मे केन्द्रीय संयोजक संजय कुमार जयसवाल, दीपक ओझा ने किया. श्री सनातन महापंचायत के इस विशाल शोभा यात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ,रांची के लोकप्रिय विधायक सी पी सिंह, केंद्रीय अनुसूचित जनजाति के केंद्रीय सदस्य डॉ आशा लकड़ा मुख्य रूप से शामिल हुई. शोभायात्रा और रामनवमी महोत्सव के ऐतिहासिक बनाने के लिए सनातन महापंचायत के संग विभिन्न अखाड़ों के रामभक्तों ने उत्साह और उमंग के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए. आज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के भक्त हजारों हजार की संख्या में गाजे बाजे, तलवार ,ध्वज लेकर शोभा यात्रा में शामिल हुए. कई धार्मिक व सामाजिक संस्थाओ के द्वारा शोभायात्रा का स्वागत, अभिनंदन किया गया. शोभायात्रा में शामिल राम भक्तों ने श्री राम के जयकारों व वीर बजरंगबली के नारों के साथ तपोवन मंदिर में पहुंचकर भगवान श्री राम के दर्शन का लाभ लिया.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed