Ranchi: पुलिस संस्मरण दिवस पर रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 में मंगलवार को परेड मैदान में झारखण्ड राज्य, देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बल तथा पारा मिलिट्री फोर्स के शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में “पुलिस संस्मरण दिवस परेड“ का आयोजन किया गया. उक्त समारोह में डीजीपी से लेकर पुलिस मुख्यालय के वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे. पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर शहीदों की याद में सम्मान स्वरूप वाहिनी परिसर स्थित शहीद स्मारक में श्रद्धांजली अर्पित किया गया. 1 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 तक देश के पारा मिलिट्री फोर्स तथा विभिन्न राज्यों की पुलिस बल के 191 पदाधिकारी एवं जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए. झारखण्ड राज्य के 1 जवान सुनील धान अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए. सुनील धान ने 12 अप्रैल 2025 को चाईबासा जिला के छोटानागरा थाना क्षेत्र के रातामाटी गाँव के पश्चिम दिशा के घने जंगल में विशेष छापामारी अभियान ड्यूटी के दौरान नक्सली के द्वारा लगाये गए आईईडी ब्लास्ट में घायल हो गए. ईलाज के दौरान शहीद हो गए.
वीर शहीदों के सम्मान में “पुलिस संस्मरण दिवस परेड“ आयोजन कर सभी शहीदों को नमन किया गया तथा शहीदों के परिवारों के साथ झारखण्ड पुलिस के सभी पदाधिकारी, कर्मी हमेशा साथ खड़े रहने का भी निश्चय किया साथ वीर शहीदों के सम्मान में श्रद्धा सुमन अर्पित कर सच्ची श्रद्धांजली अर्पित की गयी.
