Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शुक्रवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में मध्य सेवा कालीन प्रशिक्षण चरण 2 के तहत बिहार भ्रमण पर आये भारतीय विदेश सेवा के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की. इन भ्रमण करने वाले पदाधिकारियों में बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले विदेश मंत्रालय में पदस्थापित अमित कुमार मिश्रा, सुपौल जिले के रहने वाले ऑस्ट्रेलिया में पदस्थापित डॉ० सुशील कुमार और गया जिले के रहने वाले लाइबेरिया देश में पदस्थापित मनोज बिहारी वर्मा शामिल हैं. भारतीय विदेश सेवा के इन पदाधिकारियों ने 21 से 25 अप्रैल की अवधि में मध्य सेवा कालीन प्रशिक्षण चरण 2 के तहत आर्थिक, व्यापारिक एवं वाणिज्यिक परिवेश से अवगत होने के लिए बिहार का भ्रमण किया.
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भारतीय विदेश सेवा के इन पदाधिकारियों ने कहा कि बिहार काफी तरक्की कर रहा है. हर क्षेत्र में यहां विकास दिख रहा है. यहां के लोगों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में काफी बदलाव आया है. बिहार की छवि सभी जगह बदली है. राज्य का माहौल काफी खुशनुमा है और लोगों की विकास के प्रति सकारात्मक मानसिकता दिख रही है. हमलोगों ने भ्रमण के दौरान महसूस किया कि पहले के बिहार और अब के बिहार में काफी बदलाव आया है. मुख्यमंत्री ने भारतीय विदेश सेवा के आगंतुक पदाधिकारियों को शुभकामनायें दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
