Patna: राघोपुर शंकरपुर दियारा से कुख्यात अपराधी को एसटीएफ और परबत्ता थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया. बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर का रहने वाला गिरफ्तार अपराधी सकला यादव उर्फ सकली के निशानदेही पर 5 देशी रायफल, 2 मास्केट एवं 35 गोली पुलिस ने बरामद किया है. दियारा क्षेत्र में सकला यादव अपने सहयोगी के साथ किसी अपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे.
मामले की जानकारी देते हुए नवगछिया एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर शंकरपुर दियारा में कुछ हथियारबंद अपराधी इक्ट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में है. सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम एवं एसटीएफ की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई कर करते हुए कुख्यात अपराधी सकला यादव उर्फ सकली को हथियार,गोली के साथ गिरफ्तार किया गया. आरोपी ने बताया कि वर्चस्व को लेकर योजना बनाया जा रहा था. सकला यादव के विरूद्ध हत्या, लूट, रंगदारी एवं आर्म्स एक्ट सहित 17 मामले दर्ज है. इस केस में जल्द से जल्द चार्जशीट किया जाएगा. ताकि अपराधी को सजा मिल सके.
