Ranchi: रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार डीडीसी सौरभ कुमार भुवनिया की अध्यक्षता में बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित बज्रगृह (मतगणना) स्थल पर एक महत्वपूर्ण संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य 27 फरवरी को राँची नगर निगम एवं बुंडू नगर पंचायत के लिए मतगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है. ब्रीफिंग के दौरान मतगणना में प्रतिनियुक्त होने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए. इनमें सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना हॉल में अनुशासन बनाए रखना, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, बैलट बॉक्सों की सुरक्षित हैंडलिंग, गणना टेबलों पर निगरानी, आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई तथा राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे.

श्री सौरभ भुवनिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के मतगणना चरण को पूर्ण पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं सजगता के साथ निर्वहन करें. इस महत्वपूर्ण बैठक में सदर एसडीओ कुमार रजत, बुंडू एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा, पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह एवं मतगणना से जुड़े अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी  उपस्थित थे.

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बज्रगृह मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ जैसे सुरक्षा घेरा, प्रकाश, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य लॉजिस्टिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई है. जिला प्रशासन द्वारा मतगणना को सफल बनाने हेतु निरंतर समन्वय एवं निरीक्षण किया जा रहा है. जनसामान्य से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed