Ranchi: नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. धनबाद उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन व एसएसपी प्रभात कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए सुरक्षा से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक हर स्तर पर ठोस इंतजाम किए गए हैं. 23 फरवरी को धनबाद नगर निगम क्षेत्र के 468 भवनों में 974 मतदान केंद्र तथा चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के 32 भवनों में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती रहेगी। हर बूथ को मॉडल बूथ के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र में 158 सामान्य, 648 संवेदनशील और 168 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं. वहीं चिरकुंडा नगर परिषद में 40 सामान्य और 2 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं. अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी. निष्पक्ष चुनाव के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, सीसीटीवी निगरानी और चेक पोस्ट सक्रिय कर दिए गए हैं. अनुमंडल दंडाधिकारी कार्यालय में कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल और एक्सपेंडिचर सेल 24 घंटे कार्यरत हैं. आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत आमजन इन सेल या प्रेक्षकों को दे सकते हैं. इसके अलावे किसी भी तरह की सूचना या शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम के डायल 112 पर भी दे सकते हैँ.

6000 से अधिक कर्मी और 500+ वाहन रहेंगे तैनात

मतदान सामग्री 23 फरवरी को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से भेजी जाएगी और मतदान के बाद धनबाद पॉलिटेक्निक में जमा होगी. 27 फरवरी को वहीं मतगणना होगी। चुनाव संचालन के लिए 6000 से अधिक मानव बल, 180 बसें और 500 से अधिक वाहन लगाए गए हैं. इसले अतिरिक्त भारी संख्या में पुलिस कर्मी व सुरक्षा बल की भी तैनाती की जाएगी. कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. स्वीप कोषांग सक्रिय कर दिया गया है, जो मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करेगा. साथ ही मतदान कर्मियों को विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा सभी 13 कोषांग अपने दायित्व निभा रहे हैं.

सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी, फेक न्यूज पर सख्ती और नकद लेनदेन पर नजर

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. क्विक रिस्पांस टीम और रशिंग पार्टी लगातार गश्त करेगी. सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल 24 घंटे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर नजर रख रही है. फेक न्यूज, भ्रामक या सौहार्द बिगाड़ने वाली खबरों पर सख्त कार्रवाई होगी. मतदाताओं को प्रलोभन देने की शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एसएसपी ने बताया कि जिले में 1016 लाइसेंसी शस्त्र हैं, जिनमें से 189 जमा हो चुके हैं। शेष को 15 फरवरी तक शस्त्र जमा कराना अनिवार्य है, अन्यथा लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू होगी. चुनाव के दौरान 1.99 लाख रुपये से अधिक नकद मिलने पर स्रोत की जानकारी देनी होगी, जबकि 10 लाख रुपये से अधिक पर आयकर विभाग को सूचना दी जाएगी. बैंकों को भी संदिग्ध लेनदेन पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed