Patna: मुंगेर के तेरसिया दियारा में चल रहे मिनीगन फैक्ट्री का मुफ्फसिल थाना पुलिस ने उद्भेदन किया है. वही एक आरोपी के साथ विधि विरुद्ध किशोर निरुद्ध किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बिहारी मरर टोला टिकारामपुर के रहने वाले सुधीर यादव और एक विधि विरुद्ध किशोर शामिल है. मौके पर से 2 बेस मशीन, 1 देशी कट्टा, 1 बैरल, 3 खोखा, 4 अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा, 8 देशी कट्टा बनाने वाला लोहा चदरा, 1 गोली, 1 अर्धनिर्मित बैरल, 9 अर्द्धनिर्मित ट्रिगर, 1 रेल पटरी और हथियार बनाने के अन्य उपकरण पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुफ्फसिल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि टिकारामपुर मुंगेर स्थित तेरसिया दियारा कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से मिनीगन फैक्ट्री संचालित कर अवैध आग्नेयास्त्र का निर्माण किया जा रहा है. सूचना पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल देर रात तेरसिया दियारा पहुँचा तो देखा कि टापुनुमा स्थान पर कुछ व्यक्ति जमीन पर बैठकर कृत्रिम रौशनी में अवैध हथियार का निर्माण कर रहा है. पुलिस की टॉर्च की रौशनी को देखकर कुछ व्यक्ति भागने लगे जिसमें से सुधीर यादव को पकड़ा गया. अन्य आरोपी अंधेरा एवं दियारा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. तलाशी के क्रम में दो बेस मशीन, एक पूर्णनिर्मित देशी कट्टा, चार अर्धनिर्मित देशी कट्टा, नौ पीस अर्द्धनिर्मित ट्रिगर, एक अर्धनिर्मित बैरल, आठ पीस देशी कट्टा बनाने वाला विभिन्न आकार के चदरा तथा अन्य छोटे-बड़े हथियार बनाने वाले औजार को बरामद किया गया. इस संबंध में मुफ्फसिल थाना (कांड सं0-342/25) में मामला दर्ज किया गया है.
