Ranchi: रांची डीसीमंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 14-15 फरवरी 2025 को प्रस्तावित रांची परिभ्रमण कार्यक्रम की तैयारी से संबंधित बैठक आयोजित की गयी. समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में डीडीसी दिनेश कुमार यादव, सिटी एसपी राजुकमार मेहता, सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह एवं अन्य संबंधित पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने राष्ट्रपति के परिभ्रमण कार्यक्रम की तैयारी एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार समय पर सारी तैयारियां सुनिश्चित करें. एयरपोर्ट, राजभवन एवं कार्यक्रम स्थल के लिए नोडल पदाधिकारियों एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का निर्देश डीसी ने दिया. राष्ट्रपति के परिभ्रमण कार्यक्रम के प्रस्तावित मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने, अव्यवस्थित बिजली के खंभों एवं तार को व्यवस्थित करने, गड्ढों को भरने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया. राष्ट्रपति के आवागमन मार्ग पर सभी ऊंचे भवनों एवं संवेदनशील स्थानों की पहचान कर सुरक्षा मुहैया कराने के लिए निर्देशित किया गया.
